Search

September 13, 2025 9:15 pm

सूर्या हांसदा की हत्या पर उबाल,भाजपा ने की सीबीआई जांच की मांग।

आदिवासी जमीन हड़पने पर भी जताया कड़ा विरोध

पाकुड़। सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या और नगड़ी में आदिवासियों की जमीन पर रिम्स-2 अस्पताल के निर्माण को लेकर पूरे झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। गुरुवार को महेशपुर, हिरणपुर और लिट्टीपाड़ा में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने सूर्या हांसदा हत्या मामले की सीबीआई जांच और नगड़ी में रैयतों की जमीन वापस करने की मांग की। महेशपुर प्रखंड मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी के नेतृत्व में विशाल रैली निकालकर धरना दिया। इस दौरान हेमंत सरकार पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की गई – “हेमंत सरकार मुर्दाबाद”, “झूठे एनकाउंटर नहीं चलेंगे”, “सूर्या हांसदा का हत्याकांड नहीं सहेंगे”। श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और विकास के नाम पर आदिवासियों की पुश्तैनी जमीन हड़पी जा रही है। हिरणपुर में प्रखंड अध्यक्ष सुकुमार मंडल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीडीओ दिलीप टुडू को ज्ञापन सौंपा। मंडल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एनकाउंटर का बहाना बनाकर लोकतांत्रिक विचारधारा वाले नेता सूर्या हांसदा की हत्या की। उन्होंने बताया कि हांसदा 250 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दे रहे थे और कई बार चुनाव भी लड़ चुके थे। उन्होंने नगड़ी में आदिवासियों की जमीन जबरन छीने जाने को भी गंभीर मामला बताया। वहीं, लिट्टीपाड़ा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीचामहल मंडल अध्यक्ष धनेश्वर साहा के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ संजय कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। यहां भी कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए और सूर्या हांसदा हत्या मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सूर्या हांसदा हत्या कांड की सीबीआई जांच नहीं कराई और नगड़ी में आदिवासियों की जमीन हड़पना बंद नहीं किया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन के जरिए पूरे झारखंड में सड़कों पर उतरेगी। धरना-प्रदर्शन में सुरेंद्र प्रसाद भगत, साधन झा, पंचानन ठाकुर, विजय भंडारी, राहुल यादव, सुनीता हांसदा, मोजेश टुडू, राजू मुर्मू, राजीना हेम्ब्रम, हेमलता मुर्मू, मनोज साहा, गुरुदयाल साहा, निरंजन भंडारी, सिदाम मंडल, महेश साहा, सपन मंडल, गणेश मंडल, सुनील ठाकुर, अनिता मुर्मू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

img 20250911 wa00475675230074033820087
img 20250911 wa00488593979929077197532
img 20250911 wa00448608876238038493104

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर