पाकुड़। झारखंड की सियासत सोमवार को अचानक गरमा गई जब कांग्रेस के कई बड़े नेता एक साथ पाकुड़ पहुंचे। संगठन सृजन अभियान-2025 के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और वरिष्ठ नेता सतीश पॉल मुंजनी का आगमन पाकुड़ परिसदन में हुआ। नेताओं के इस आगमन को पार्टी के अंदर नई रणनीति और संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। मौके पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। सभी नेताओं ने जिले में कांग्रेस को मजबूत बनाने और जमीनी स्तर पर संगठन खड़ा करने की बात कही। सूत्रों की मानें तो यह दौरा न सिर्फ संगठनात्मक समीक्षा बल्कि आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी बड़े नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और पार्टी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।










