पाकुड़। जन लोक कल्याण परिषद द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपायुक्त ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताते हुए इसके पूर्ण उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह शिक्षा, स्वास्थ्य और करियर पर गंभीर प्रभाव डालता है, इसलिए छात्राएँ खुद भी जागरूक रहें और समाज में दूसरों को भी जागरूक करें। उपायुक्त ने विद्यालय में छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग और ड्राइंग की सराहना करते हुए उनकी रचनात्मकता की प्रशंसा की। उन्होंने आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी की समीक्षा की और कहा कि “इस बार पाकुड़ जिला को बोर्ड में प्रथम स्थान दिलाना है। जितना बेहतर परिणाम, उतने बेहतर अवसर मिलेंगे।” साथ ही उन्होंने 12वीं के बाद स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण लेने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चियाँ आत्मनिर्भर बनेंगी और अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएँगी।
भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई
कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने विद्यालय के किचन का निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जन लोक कल्याण परिषद के पदाधिकारी, विद्यालय की वार्डेन एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।








