जे.पी. नड्डा के स्वागत में पाकुड़ के सैकड़ों कार्यकर्ता होंगे शामिल।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के देवघर आगमन को लेकर शनिवार को पाकुड़ जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में नड्डा के कार्यक्रम और जिलेभर में तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने बताया कि जे.पी. नड्डा 6 दिसंबर को देवघर में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पांडेय ने कहा कि पाकुड़ जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता देवघर पहुंचेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। सभी मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने और तैयारी की रूपरेखा मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक पूरे पाकुड़ जिले में “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी” जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जिले के 128 पंचायतों और नगर के 21 वार्डों में भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर स्वदेशी’ संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगे। बैठक में जिला महामंत्री रूपेश भगत, सरिता मुर्मू, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साहा, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, हिरणपुर मंडल अध्यक्ष सुकुमार मंडल, बिचामहल मंडल अध्यक्ष धनेश्वर साहा, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, लिट्टीपाड़ा संयोजक बनेश्वर सोरेन समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








