पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में 8 से 12 दिसंबर 2025 तक चलने वाले स्पेशल मेडिएशन ड्राइव इन फैमिली मैटर अभियान की शुरुआत शनिवार को की गई। अभियान का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निपटारा करना है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार शेष नाथ सिंह के निर्देश और सचिव रूप वंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रजनीकांत पाठक ने एक महत्वपूर्ण वाद में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
मूल भरण–पोषण वाद संख्या 178/2025 (मनुआरा खातून बनाम फिरदुजाहक शेख) में दोनों पक्ष पिछले दो वर्षों से अलग रह रहे थे। दंपति का एक बेटा भी है। न्यायालय में सुलह–वार्ता के दौरान दोनों ने अपने मतभेद समाप्त करते हुए साथ में रहने पर सहमति जताई। न्यायाधीश रजनीकांत पाठक ने दंपति को परस्पर सम्मान, एक-दूसरे की जिम्मेदारियों का ध्यान रखने और बच्चे की शिक्षा–परवरिश को प्राथमिकता देने की सलाह दी। साथ ही परिवारिक सौहार्द बनाए रखते हुए खुशहाल जीवन जीने की प्रेरणा भी दी।





