Search

October 7, 2026 11:49 am

पाकुड़ के सात खिलाड़ी राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतिभा चयन में चमके

रांची में 17–18 दिसंबर को होगा फिटनेस टेस्ट, उपायुक्त ने दी बधाई

पाकुड़ जिले के लिए खेल जगत से बड़ी और गर्व की खबर सामने आई है। राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतिभा चयन 2025–26 में जिले के 07 होनहार खिलाड़ियों ने चयनित होकर पाकुड़ का नाम रोशन किया है। झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा जारी मेधा सूची के अनुसार राज्य भर से चयनित 23 खिलाड़ियों में 07 खिलाड़ी अकेले पाकुड़ जिले से हैं, जो जिले में खेल प्रतिभा के बढ़ते कद को दर्शाता है। चयनित खिलाड़ियों में सत्यम कुमार, राज घोष, सोनु कुमार ठाकुर, नेतिक तिवारी, जेद खान, शिवम दास और आदेश मंडल शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी वर्तमान में पाकुड़ जिले के डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र में कोच संजय भगत के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। अब इन खिलाड़ियों का शारीरिक परीक्षण 17 और 18 दिसंबर 2025 को रांची स्थित हॉकी प्रशिक्षण केंद्र (HPC) में होगा। चयन प्रक्रिया के अगले चरण में सफल प्रदर्शन करने पर इन खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तर पर आगे के अवसर खुलेंगे। इस उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पाकुड़ जिले की उभरती खेल संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय ने जिला खेल पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि निर्धारित तिथि पर सभी चयनित खिलाड़ियों की रांची में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। नियमों के तहत खिलाड़ियों को भोजन, आवासन और यात्रा व्यय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य स्तरीय मंच पर पाकुड़ के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी से जिले के युवाओं में खेल को लेकर नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!