Search

December 22, 2025 3:05 am

नयी चेतना 4.0 के तहत डीपीएस में कानूनी जागरूकता कार्यशाला आयोजित।

पाकुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल, पाकुड़ के मेनन क्लब (लॉ क्लब) द्वारा ‘नयी चेतना 4.0’ राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में एक दिवसीय कानूनी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायालय, पाकुड़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, लैंगिक समानता तथा कानूनी साक्षरता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ की सचिव रूपा बंधना किरो तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के उप प्रमुख मोहम्मद नुकीमुद्दीन शेख मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, पॉक्सो अधिनियम 2012, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013, भारतीय न्याय संहिता 2023, बाल विवाह उन्मूलन अभियान 2025 सहित नालसा-डालसा से जुड़ी निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं की जानकारी सरल भाषा में दी। साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों एवं महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
विद्यालय के निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में सामाजिक एवं कानूनी चेतना विकसित करती हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाती हैं। वहीं प्रधानाचार्य श्री जे.के. शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास भी विद्यालय का अहम उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में विद्यालय प्रशासन एवं मेनन क्लब की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर