सानू कुमार
महेशपुर। शहरग्राम-पोखरिया लिंक रोड पर गोविंदपुर गांव के समीप रविवार देर रात तेज रफ्तार हाइवा को ओवरटेक करने के दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जमा कोयले की धूल के ढेर पर जा गिरी। गिरते ही बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि, बाइक चालक संजीव कुमार दास बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, पोखरिया निवासी संजीव कुमार दास पाकुड़ से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हाइवा को ओवरटेक करने के क्रम में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक के गिरने के बाद निकली चिंगारी पेट्रोल के संपर्क में आई, जिससे आग भड़क उठी। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने सड़क किनारे जमा कोयले की धूल को हादसे का खतरा बताते हुए संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल सफाई कराने की मांग की है।






