पाकुड़िया प्रखंड स्थित सिदपुर में गरम पानी मेला को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद, राजमहल लोकसभा क्षेत्र विजय कुमार हांसदा, उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय सोहराय मेला में विभिन्न लोककला, कलाकृतियां और विलुप्त हो रहे वाद्य यंत्र प्रदर्शित किए गए, जिनसे सभी उपस्थित लोग सीखने और आनंद लेने का अवसर प्राप्त कर सके। उन्होंने आगंतुकों से अपील किया कि वे गंदगी फैलाने से बचें और साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र की तैयारियाँ पिछले एक वर्ष से की जा रही थीं, जिसमें पेवर ब्लॉक,कपड़ा चेंजिंग रूम, पौधारोपण और बैठने की जगहों का नवीनीकरण शामिल था। पुराने जर्जर बैठने की जगहों को अब ग्रेनाइट से मजबूत किया गया है और अप्रोच रोड का भी विकास किया गया है। सांसद विजय कुमार हांसदा ने उपस्थित लोगों को सोहराय और अन्य पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मेला का आयोजन प्रशासनिक कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है और यदि मेला क्षेत्र में अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराई जाए तो व्यवस्था और अधिक बेहतर बनाई जा सकती है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि मेला स्थल अत्यंत सुथरा और व्यवस्थित बनाया गया है।उन्होंने बताया कि पाकुड़ पुलिस के सभी महिला और पुरुष कर्मियों की मुस्तैदी के कारण ही आयोजन सुचारू और आनंददायक बन सका। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का धन्यवाद किया और कहा कि सभी का सहयोग इस आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के उपरांत, उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मेला का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मेला स्थल की सुरक्षा, व्यवस्थापन और सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।







