प्रशांत मंडल
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत कर्माटांड़ पंचायत के बड़ाकांचना गांव में शुक्रवार को प्रवाह संस्था द्वारा अल्ट्रा पुअर ग्रेजुएशन फॉर पीवीटीजी कार्यक्रम के तहत प्रवाह संस्था द्वारा पीवीटीजी समुदाय की दीदियों के बीच आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से 25 मुर्गी एवं 5 मुर्गा का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा पोषण और आय के स्थायी साधन उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर प्रखंड कृषि अधिकारी के.सी. दास, प्रखंड पंचायत राज अधिकारी कमल पहाड़िया, प्रखंड पशुपालन अधिकारी राकेश कुमार तथा अमेरिका से आए जोश लिविटांग उपस्थित थे।अधिकारियों ने लाभुक दीदियों को पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने, बेहतर देखभाल और पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां दीं।कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों व टीम सदस्यों द्वारा किचेन गार्डन, बीवाईपी शेड तथा मशरूम कल्टीवेशन स्थलों का फील्ड विजिट किया गया, जहां संचालित गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए लाभुकों से संवाद किया गया।इस मौके पर प्रवाह संस्था के सचिव दिलीप कुमार दुबे सहित परियोजना से जुड़े अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पीवीटीजी परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।




