Search

February 14, 2026 12:52 pm

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत चला सघन वाहन जांच अभियान, वसूला गया जुर्माना।

पाकुड़। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत गुरुवार को नगर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान उपायुक्त पाकुड़ और पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी तथा पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में संचालित हुआ। नगर थाना अंतर्गत सोनाजोरी अस्पताल चौक पर शाम 4 बजे से 5 बजे तक चले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य “सचेत झारखंड” अभियान के तहत सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अवैध परिवहन पर रोक लगाना और मोटर वाहन अधिनियम का सख्ती से अनुपालन कराना था। जांच के दौरान दोपहिया, चारपहिया एवं भारी व्यावसायिक वाहनों की गहन जांच की गई। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल फोन का उपयोग, नाबालिग द्वारा वाहन परिचालन, प्रेशर हॉर्न, ओवरलोडिंग, वाहनों में अवैध बदलाव, रिफ्लेक्टिव टेप एवं अतिरिक्त लाइट की जांच की गई।
अभियान में 4–5 भारी व्यावसायिक वाहनों की जांच की गई। कागजातों के अभाव एवं मोटर वाहन अधिनियम 1988 की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन के आरोप में एक वाहन से 42,300 रुपये का जुर्माना ऑनलाइन ई-पॉस मशीन के माध्यम से वसूला गया। जांच के दौरान पकड़े गए वाहन को पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा गया है, जिसे डाला कटिंग की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विमुक्त किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की थीम “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन, सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” की जानकारी देते हुए नियमों के अनुरूप वाहन संचालन के लिए जागरूक किया गया।
जांच अभियान में पुलिस उपाधीक्षक यातायात जितेंद्र कुमार, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, यातायात प्रभारी राकेश रंजन, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, मोहम्मद अजहर अंसारी, अमित कुमार राम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

img 20260129 wa002878428843975213764
img 20260129 wa00272162270000242812840

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर