इकबाल हुसैन
महेशपुर | प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार से मैट्रिक परीक्षा की शुरुआत हुई। पहले दिन बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव और सीओ संजय सिन्हा ने हाथीमारा, महेशपुर, गढ़बाड़ी और घटचोरा डिग्री कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर शांति व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संचालित हो रही है और किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है। बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नकल या गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दें।
सीओ संजय सिन्हा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। निगरानी के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।




