पाकुड़। नगर निकाय चुनाव के तहत नामांकन के बाद गुरुवार को हुई स्क्रूटनी के उपरांत पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। कुल 95 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था, जिनकी समीक्षा के बाद आरक्षित और अनारक्षित सभी श्रेणियों के 21 वार्डों में 92 पार्षद प्रत्याशी वैध पाए गए हैं। एक प्रत्याशी का मामला संतान संबंधी शिकायत के कारण विचाराधीन है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले सभी 10 उम्मीदवार स्क्रूटनी में सुरक्षित पाए गए हैं। वार्डवार प्रत्याशियों की स्थिति देखें तो वार्ड संख्या 1 और 2 से 6-6, वार्ड 3 से 4, वार्ड 4 से 3, वार्ड 5 से 7, वार्ड 6 से 6, वार्ड 7 से 3, वार्ड 8 से 3, वार्ड 9 से 3, वार्ड 10 से 8, वार्ड 11 से 5, वार्ड 12 से 4, वार्ड 13 से 4, वार्ड 14 से 6, वार्ड 15 से 3, वार्ड 16 से 5, वार्ड 17 से 3, वार्ड 18 से 3, वार्ड 19 से 3, वार्ड 20 से 2 और वार्ड 21 से 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन 92 प्रत्याशियों में 37 महिलाएं भी शामिल हैं। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 6 फरवरी को नामांकन पत्रों की वापसी होगी, जबकि 7 फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और 27 फरवरी को बाजार समिति पाकुड़ में मतगणना कराई जाएगी। नगर परिषद की आरक्षण व्यवस्था के तहत पार्षद पद के लिए अत्यंत पिछड़ा वर्ग की 5 सीटें, महिला वर्ग की 8 सीटें, अनुसूचित जनजाति की 1 सीट, अनुसूचित जाति की 1 सीट और पिछड़ा वर्ग की 3 सीटें आरक्षित हैं। अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला श्रेणी के लिए है, जिसमें मीता पांडे, पूनम कुमारी, सीमा सोनी भगत, सम्पा साहा, शेख़ सेलिना सुलताना, मोनिता कुमारी, शबरी पाल, रीता देवी, ज्योति दुबे और मुकुल भट्टाचार्य चुनाव मैदान में हैं। नामांकन की जांच के बाद सभी 10 उम्मीदवार सुरक्षित पाए गए हैं। नगर परिषद चुनाव को लेकर अब शहर का सियासी माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में प्रचार तेज होने के आसार हैं।





