इकबाल हुसैन
महेशपुर प्रखंड में शनिवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। अभियान के तहत सीलमपुर, छक्कुधारा, तेलियापोखार एवं महेशपुर समेत विभिन्न पंचायतों में ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पशुपालन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, वहीं स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के तहत महिलाओं और बच्चों की जांच की गई। टीकाकरण अभियान चलाया गया तथा जागरूकता शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों व कर्मियों के बीच समन्वय स्थापित कर मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया गया। संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं पशुपालन से जुड़े प्रमुख संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान चयनित पंचायतों में लगातार शिविरों का आयोजन कर पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।





