वार्ड-वार प्रचार तेज, अध्यक्ष पद पर दस दावेदार
राजकुमार भगत
पाकुड़ नगर परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नगर परिषद क्षेत्र कुल 01 से 21 वार्डों में विभाजित है, जहां से 89 प्रत्याशी वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। नामांकन और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।वार्ड स्तर पर प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं और स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बिजली, शिक्षा, सड़क, नाली एवं साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दे रहे हैं। चुनाव प्रचार में स्थानीय मुद्दे केंद्र में हैं और प्रत्याशी मतदाताओं को भरोसा दिलाने का प्रयास कर रहे हैं कि वे निर्वाचित होने पर वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करेंगे। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोचक हो गया है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को भी उनके-अपने चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। सभी प्रत्याशी वार्डवार संपर्क कर मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं।चुनाव प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं को यह भी जानकारी दी जा रही है कि इस बार मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर (वायलेट पेपर) के जरिए संपन्न होगा। प्रत्याशी मतदाताओं से अपने निर्धारित चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील कर रहे हैं। मतदाता भी सभी प्रत्याशियों को समर्थन का आश्वासन दे रहे हैं, जिससे प्रत्याशियों में उत्साह देखा जा रहा है और सभी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि इस वर्ष सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।













