पाकुड़। नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर तैनात सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के साथ अनुमंडल कार्यालय सभागार में अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने की।
एसडीओ ने निर्देश दिया कि सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों का भौतिक सत्यापन करें और रूट चार्ट से मिलान सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों पर पेयजल, शेड, रैंप, शौचालय, बिजली, दूरभाष और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की मौके पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया। नव स्थापित मतदान केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में स्पष्ट किया गया कि अनधिकृत प्रचार वाहनों का उपयोग, संपत्ति विरूपण और सरकारी भवनों, वाहनों या कर्मियों का चुनावी उपयोग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त कर मतदाताओं में भरोसा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो सके। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएन आजाद, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित सभी सेक्टर पदाधिकारी और सेक्टर पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।





