अमड़ापाड़ा – प्रखंड के फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में मंगलवार को आगामी आईआरएस छिड़काव अभियान की सफलता को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता और डॉ. शिवम कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में बताया गया कि आगामी 26 फरवरी से पूरे क्षेत्र में आईआरएस छिड़काव का कार्य शुरू होगा जो अगले 40 दिनों तक चलेगा। बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने सभी आईआरएस वोलेंटियर्स को कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान में पूरी तन्मयता से कार्य करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र की एक भी गली या घर इस छिड़काव से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कालाजार और मलेरिया मुक्त बनेगा क्षेत्र
डॉ. शिवम कुमार ने वोलेंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अमड़ापाड़ा को मलेरिया और कालाजार जैसी गंभीर बीमारियों से मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह छिड़काव बालू मक्खी और मच्छरों के प्रकोप को खत्म करने का सबसे प्रभावी तरीका है। वोलेंटियर्स को निर्देशित किया गया कि वे छिड़काव के दौरान ग्रामीणों को इसके फायदों के बारे में भी जागरूक करें। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास गंदा पानी जमा न होने दें। जलजमाव से मच्छरों और बालू मक्खियों का खतरा बढ़ जाता है, जो बीमारियों का मुख्य कारण है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और सभी नियुक्त वोलेंटियर्स मुख्य रूप से उपस्थित थे।







