आगामी आठवीं बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा “परख टेस्ट योजना” के अंतर्गत प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में यह परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित की गई। इसी क्रम में आज शनिवार को उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने आदर्श बिल्टू मध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर परीक्षा से जुड़ी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त वीक्षकों को कदाचारमुक्त, पारदर्शी एवं अनुशासित परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, धैर्य एवं सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह प्री-बोर्ड परीक्षा छात्रों के लिए मुख्य परीक्षा से पूर्व स्वयं को परखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम पाली में गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान तथा द्वितीय पाली में हिंदी एवं अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, पर्यवेक्षण प्रणाली एवं समय प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।उपायुक्त ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा को फाइनल बोर्ड परीक्षा के समान वातावरण में आयोजित करने का उद्देश्य छात्रों में समय प्रबंधन, अनुशासन एवं वास्तविक परीक्षा अनुभव विकसित करना है। प्रश्नपत्र बोर्ड पैटर्न के अनुरूप विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की विशेष टीम द्वारा तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए प्री-टेस्ट अत्यंत आवश्यक हैं। इससे छात्रों को मुख्य परीक्षा की पूरी समझ मिलती है और उनकी तैयारी और अधिक मजबूत होती है।





