पाकुड़: अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बिना माइनिंग चालान के चिप्स लदे एक ओवरलोड ट्रैक्टर को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार बीते 04 मार्च 2026 को ग्राम सेजा ईंट भट्ठा के समीप से JH16F4471 नंबर का ट्रैक्टर अवैध रूप से चिप्स का परिवहन करते पकड़ा गया। कार्रवाई एसडीपीओ के नेतृत्व में तड़के करीब तीन बजे छापेमारी कर की गई। छापेमारी टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे। जांच के दौरान ट्रैक्टर में लदा चिप्स बिना माइनिंग चालान के पाया गया, जिसके बाद वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में अंचल अधिकारी, पाकुड़ के आवेदन के आधार पर ट्रैक्टर के मालिक व चालक के विरुद्ध मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






