जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
पलामू : आज छात्रहित सर्वोपरि मंच के पलामू जिला अध्यक्ष दीपू कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रखंड पांकी अंतर्गत डंडार कला स्थित मजदूर किसान इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं के 395 छात्र-छात्राओं को एडमिट कार्ड जारी नहीं होने के विरोध में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल कॉलेज पहुंचा, लेकिन उस समय कॉलेज के प्राचार्य उपस्थित नहीं थे। मौके पर मौजूद शिक्षकों से इस संबंध में जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस विषय में अधिक जानकारी नहीं है। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए कॉलेज परिसर में प्रतीकात्मक रूप से ताला बंद कर विरोध दर्ज कराया।
संगठन ने स्पष्ट कहा कि जब तक वंचित छात्रों की परीक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। यदि ताले के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा—
राहुल कुमार राणा (प्रदेश अध्यक्ष) ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन पूरे राज्य स्तर पर आंदोलन करेगा।
आमिर हमजा (प्रदेश उपाध्यक्ष) ने कहा कि 395 छात्रों को परीक्षा से वंचित रखना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर विद्यार्थियों की परीक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
कुणाल पोद्दार (प्रदेश संगठन प्रभारी) ने कहा कि छात्रहित सर्वोपरि मंच हमेशा छात्रों के अधिकारों के लिए खड़ा रहा है और आगे भी उनके हक की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा।
रईस अंसारी (प्रदेश सचिव) ने कहा कि यदि शीघ्र विशेष परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की जाती है तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा।
संगठन ने प्रशासन एवं झारखंड अधिविद्य परिषद से मांग की है कि वंचित छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र विशेष परीक्षा की तिथि घोषित की जाए।
जारीकर्ता:
छात्रहित सर्वोपरि मंच
पलामू





