जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
मेदिनीनगर। शहर के सुदना स्थित डेडीकेटेड प्रीमियर स्कूल में वार्षिक परिणाम दिवस, ग्रेजुएशन डे एवं ओलंपियाड सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे विद्यालय परिसर उत्साहपूर्ण माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल के चेयरमैन ई. विनय मेहता ने रिबन काटकर किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. श्वेता कुमारी ने मुख्य अतिथि और गेस्ट ऑफ ऑनर दिवाकर दुबे को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर डेडीकेटेड सोसाइटी के सीओओ एस. के. एल. दास, उपप्राचार्या नीलिमा मिश्रा, एमडीआई कॉलेज मेदिनीनगर की उपप्राचार्या पूनम पांडे, प्रशासनिक हेड रविशंकर दुबे, कोऑर्डिनेटर हरेंद्रनाथ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान नर्सरी और एलकेजी के बच्चों ने आकर्षक वेलकम डांस प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में ओलंपियाड प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं ग्रेजुएशन डे के अवसर पर यूकेजी के विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए, जो बच्चों और अभिभावकों के लिए यादगार पल रहा।
मुख्य अतिथि ई. विनय मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। गेस्ट ऑफ ऑनर दिवाकर दुबे ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक परिणाम घोषित किए गए, जिसमें प्रत्येक कक्षा के टॉप रैंकर्स को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षकों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्कूल के अकादमिक एवं ओलंपियाड इंचार्ज निशिकांत पांडे ने किया।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया और कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।





