Search

March 10, 2026 9:49 pm

पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज, अधिकारियों ने आरओ प्लांट व नई जलापूर्ति योजना का किया निरीक्षण।

एक सप्ताह में कई क्षेत्रों में शुरू होगी नियमित जलापूर्ति, आरओ प्लांट संचालकों को गुणवत्ता मानकों का पालन करने का निर्देश

पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के सहायक अभियंता अभिजीत किशोर ने मंगलवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न आरओ वाटर प्लांटों और नई जलापूर्ति योजना के तहत चयनित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शीतल जल शीलता मंदिर रोड, मारवाड़ी मोहल्ला आरओ प्लांट, निर्मल जल मिशन गेट, पप्पू भगत आईसक्रीम एंड आरओ प्लांट तथा ब्लू एक्वा प्लांट सहित अन्य आरओ प्लांटों का जायजा लिया। इस दौरान पानी की गुणवत्ता, टीडीएस व पीएच वैल्यू, साफ-सफाई की स्थिति, रजिस्ट्रेशन तथा अन्य आवश्यक मानकों की जांच की गई।
कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी ने सभी प्लांट संचालकों को निर्देश दिया कि वे कमर्शियल वाटर सप्लाई से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करें और उपभोक्ताओं को स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराएं। उन्होंने नियमित रूप से पानी की जांच कराने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी आरओ प्लांट में मानकों का उल्लंघन या पानी की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा अधिकारियों ने नगर परिषद क्षेत्र में चल रही नई जलापूर्ति योजना के तहत राज हाई स्कूल, ज्योर्तिमय स्टेडियम, दुर्गा कॉलोनी, शिवपुरी कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जलापूर्ति कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने पर बल दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ और नियमित पानी उपलब्ध हो सकेगा। नगर परिषद द्वारा शहर में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के रेवेन्यू इंस्पेक्टर, सैनेटरी इंस्पेक्टर, पीएचईडी के लैब टेक्नीशियन सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

img 20260310 wa0008227826966577377588
img 20260310 wa00073361450567034365952

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर