Search

April 10, 2026 12:35 am

सघन वाहन जांच में 36 चालकों पर कार्रवाई, वसूला गया जुर्माना, ड्रिंक एंड ड्राइव पर भी चला अभियान।

पाकुड़। सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन कार्यालय के निर्देश पर शहरकोल और सोनाजोड़ी के समीप चलाए गए अभियान में कुल 50 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए ₹43,950 का जुर्माना वसूला गया।
जांच के दौरान मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और ओवरलोडिंग जैसे जरूरी मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया। कई चालक नियमों की अनदेखी करते पाए गए, जिन पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पाकुड़िया थाना गेट के सामने एएसआई नैमुल अंसारी के नेतृत्व में अलग से जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्जनों दोपहिया वाहनों को रोककर कागजात, डिक्की और हेलमेट की जांच की गई। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे, उनके वाहनों को अस्थायी रूप से रोककर कागज प्रस्तुत करने के बाद हिदायत देकर छोड़ा गया। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने, ओवरलोडिंग से बचने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव एक गंभीर अपराध है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। परिवहन विभाग और पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

img 20260409 wa00616579037169091113091
img 20260409 wa00622667273445526265137

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!