Search

April 10, 2026 11:21 pm

14-15 साल की बच्चियों को लगेगा HPV टीका, स्कूलों के जरिए चलेगा अभियान।

पाकुड़। जिले में किशोरी स्वास्थ्य को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। सदर अस्पताल के सभागार में शुक्रवार को सिविल सर्जन और जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी की अध्यक्षता में नोडल शिक्षकों की बैठक हुई, जिसमें 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले के सभी स्कूलों में इस आयु वर्ग की छात्राओं को HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाया जाएगा। कई विद्यालयों में टीकाकरण पूरा हो चुका है, जबकि बाकी स्कूलों में अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि यह टीका गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है और इससे बालिकाओं का भविष्य स्वास्थ्य सुरक्षित होगा।
नोडल शिक्षकों को टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया, सावधानियां और इसके लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया कि वे स्कूल स्तर पर छात्राओं और अभिभावकों को जागरूक करें, ताकि किसी तरह की भ्रांति न रहे और अधिक से अधिक बच्चियां टीका लगवाएं। बैठक में सुरक्षित और व्यवस्थित टीकाकरण पर खास जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि अभियान में किसी तरह की बाधा न आए। मौके पर वीसीसीएम, डीडीएम, डीयूएचएम, डीईआईसी मैनेजर समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!