महिलाओं के साथ हुआ है बड़ा धोखा: मीरा
पाकुड़: भाजपा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह और भाजपा नेत्री प्राची चौधरी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर महिलाओं के हक की राह में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने का काम किया है, जिसे देश की आधी आबादी कभी माफ नहीं करेगी।राजबाड़ी स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेत्रियों ने विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि शहर में आक्रोश मशाल जुलूस’ निकाला जाएगा। इस दौरान विपक्षी नेताओं का पुतला दहन कर विरोध जताया जाएगा। मीरा प्रवीण सिंह ने कहा कि सदन में बिल का विरोध कर विपक्ष ने महिलाओं की गरिमा का अपमान किया है।
राष्ट्रपति तक पहुँचेगी महिलाओं की आवाज़
मीरा प्रवीण सिंह ने बताया कि यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है। भाजपा ने रणनीति बनाई है कि सभी नगर परिषदों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और जिला परिषदों से बिल के समर्थन में प्रस्ताव पारित कराया जाएगा।इन प्रस्तावों को महामहिम राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा ताकि विपक्ष की ‘महिला विरोधी’ मानसिकता को बेनकाब किया जा सके।
महिलाओं के साथ हुआ है बड़ा धोखा
भाजपा नेत्री प्राची चौधरी ने कहा कि राजनीति में महिलाओं को 50 प्रतिशत हक मिलना चाहिए, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस ऐतिहासिक बदलाव को रोकने की साजिश रची है। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ किया गया ‘बड़ा विश्वासघात’ करार दिया।विपक्ष ने सदन में जिस तरह का अट्टहास किया और बिल का विरोध किया, वह शर्मनाक है। हम सड़क पर उतरकर इसका जवाब देंगे।





