लिट्टीपाड़ा: प्रखंड के लिट्टीपाड़ा पंचायत में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर बूथ समितियों का गठन किया गया। हेटबंधा (बूथ संख्या 35), कुमार भाजा (बूथ संख्या 36) और रूडगो गांव (बूथ संख्या 37) में आयोजित बैठकों में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठकों में विधायक हेमलाल मुर्मू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव की असली लड़ाई बूथ स्तर पर ही लड़ी जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ को मजबूत करें और आम लोगों से सीधा संपर्क बनाए रखें। साथ ही SIR और जनगणना के दौरान लोगों की मदद करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पात्र लोगों का नाम सूची से कटने से बचेगा और जनता का भरोसा पार्टी के प्रति और मजबूत होगा।
तीनों बैठकों में युवा नेता सह केंद्रीय समिति सदस्य विकास मुर्मू भी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, प्रखंड सचिव जावेद आलम, प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा, पंचायत अध्यक्ष सोनाराम किस्कू, मनोज मुर्मू, बिशन हेंब्रम सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।







