पाकुड़िया। बीचपहाड़ी पंचायत के रामघाटी गांव में बीती मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मनोज भगत के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और भारी मात्रा में नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने अमड़ापाड़ा गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के दक्षिण दिशा में स्थित खिड़की को कटर मशीन या किसी धारदार हथियार से काटकर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर घुसने के बाद चोरों ने आलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। कमरे में सामान बिखरा हुआ मिला। सुबह जब मनोज भगत के भाइयों ने घर की स्थिति देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत फोन कर मनोज भगत को घटना की सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, चोर लाखों रुपये की नकदी और कीमती गहने लेकर फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की थी और इसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार मेहतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









