पाकुड़िया: प्रखंड के गनपुरा पंचायत अंतर्गत दुंगी बरोमासीय गांव में नबी देवीधन हांसदा द्वारा संचालित मार्शल डाहार प्रार्थना सभा का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उपासना मरांडी ने फीता काटकर प्रार्थना सभा का शुभारंभ किया। इस दौरान नबी देवीधन हांसदा ने विशेष आराधना कराई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और भाईचारे के लिए प्रार्थना की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु मसीह का स्मरण करते हुए भक्ति भाव से प्रार्थना में भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, शांति और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर के प्रति समर्पण और आत्मिक शुद्धि का यह महत्वपूर्ण माध्यम है, जो समाज को सकारात्मक दिशा देता है। साथ ही उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। मौके पर जमाय अनुपम अभिषेक मुर्मू, झामुमो जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी, मुन्ना समेत कमेटी के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रार्थना सभा को सफल बनाया और क्षेत्र की उन्नति व शांति के लिए प्रार्थना की।








