Search

May 5, 2026 11:34 pm

अब हफ्ते में दो बार सीधे अफसरों से संवाद, जनता दरबार में तुरंत होगा समस्या का समाधान।

पाकुड़ | आम लोगों की समस्याओं को तेजी से हल करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब जिले के हर प्रखंड और अंचल में सप्ताह में दो दिन विशेष जनता दरबार लगाया जाएगा, जहां लोगों की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा। आदेश के मुताबिक, हर मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनता दरबार आयोजित होगा। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने साफ निर्देश दिया है कि जनता दरबार में मिलने वाले सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर तय समय सीमा में निष्पादन किया जाए। साथ ही हर कार्रवाई की जानकारी जन शिकायत कोषांग को देना अनिवार्य होगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने को कहा गया है। साथ ही, जनता की सुविधा के लिए दरबार की तिथि और समय सभी कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करना जरूरी होगा। डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता दरबार में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे और हर शिकायत का रिकॉर्ड तैयार कर उसका प्रतिवेदन सुरक्षित रखा जाएगा। इस फैसले से अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि तय दिन पर सीधे अधिकारियों के सामने अपनी बात रख सकेंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!