पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पाकुड़ नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक बिरसा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री रूपेश भगत ने की। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिले में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली और योजनाओं में कथित अनियमितताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिले में पानी, बिजली, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति जर्जर है। योजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता और टेंडर प्रबंधन के जरिए राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इन मुद्दों के खिलाफ भाजपा 9 मई 2026 को पाकुड़ रेलवे मैदान से समाहरणालय तक विशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन करेगी। जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी आदिम जनजाति, पहाड़िया और आदिवासी समुदाय के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। कई गांवों में लोग आज भी झरनों का पानी पीने को मजबूर हैं, न पक्की सड़क है और न ही समुचित स्वास्थ्य सुविधा। गंभीर स्थिति में मरीजों को खाट के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। उन्होंने राज्य सरकार पर बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन सभी मुद्दों को लेकर व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा और राज्य सरकार के खिलाफ जनआक्रोश को सड़क पर उतारा जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, लिट्टीपाड़ा के पूर्व प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, जिला मंत्री दिलीप सिंह, जिला कार्यालय मंत्री सुशील साह, पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज साह सहित जीतू सिंह, रतन भगत, बासु मंडल, सपन दुबे, मनीष दुबे, दुलाल सिंह, ओम साह, महिला मोर्चा की प्राची चौधरी, पूनम देवी, क्रांति शर्मा, निधि गुप्ता, मधु देवी, सानतोना साह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।







