Search

May 6, 2026 11:36 pm

प्रखंड सह अंचल कार्यालय महेशपुर का डीसी ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त रुख।

अस्पताल, विद्यालय व प्रखंड कार्यालय की व्यवस्था जांची, सुधार के निर्देश, सत्यापन के बाद ही होगा भुगतान।

पाकुड़, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को महेशपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कैराछत्तर स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ कहा कि आम जनता के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, अंचलाधिकारी संजय कुमार सिन्हा समेत अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रखंड, अंचल और बाल विकास परियोजना कार्यालय की फाइलों की जांच करते हुए लंबित मामलों को जल्द निपटाने और कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। कंप्यूटर ऑपरेटर कक्ष के निरीक्षण में भी उन्होंने कार्यों को समयबद्ध ढंग से निष्पादित करने पर जोर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान ओपीडी, लेबर रूम, दवा कक्ष और इमरजेंसी वार्ड की स्थिति देखी गई। अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित मिलने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, जनरेटर को अपग्रेड करने और इनवर्टर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई और मरीजों के प्रति व्यवहार में सुधार पर विशेष जोर दिया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कैराछत्तर में उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से बातचीत की और पढ़ाई की स्थिति जानी। निरीक्षण में शौचालय व बाथरूम की साफ-सफाई पर सख्त निर्देश दिए गए। जर्जर भवन की मरम्मत, नए शौचालय निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और छात्राओं के लिए खेल मैदान विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने “मैय्या सम्मान योजना” सहित सभी योजनाओं में लाभुकों को राशि देने से पहले अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना जांच के किसी भी खाते में राशि ट्रांसफर नहीं की जाएगी। बाल विकास परियोजना की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जहां कमी है, वहां तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी को स्पष्ट संदेश दिया कि काम में ढिलाई नहीं चलेगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय होगी।

img 20260506 wa00456202020661046586766
img 20260506 wa00442862055402928448461

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!