राजकुमार भगत
पाकुड़, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर, पाकुड़ के एनसीसी कैडेट्स ने बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासन और पूरे उत्साह के साथ शामिल कैडेट्स ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान कैडेट्स ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के जरिए लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। तिरंगे के साथ कदमताल करते एनसीसी कैडेट्स का अनुशासित स्वरूप राहगीरों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करते हैं।
विद्यालय परिवार ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी एनसीसी कैडेट्स के उत्साह और अनुशासन की सराहना की। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया और लोगों के बीच ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और मजबूत हुई।





