Search

May 7, 2026 10:01 pm

डीसी का हिरणपुर दौरा, मनरेगा-जल संरक्षण पर फोकस, डोभा-तालाब जल्द पूरे करने के निर्देश

कार्यालय व्यवस्था, जनसेवा और विकास योजनाओं की समीक्षा, पेंशन, पीएम आवास व केसीसी शिविर पर भी नजर।

हिरणपुर(पाकुड़) उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को हिरणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित प्रशासनिक कार्यों, जनसेवा व्यवस्था व विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कंप्यूटर कक्ष, लिपिक कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया व अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रखंड व अंचल कार्यालय में संचालित योजनाओं, राजस्व कार्यों, पेंशन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। डीसी ने कार्यालय की स्वच्छता, कर्मियों की उपस्थिति, समयबद्ध सेवा उपलब्धता व आमजनों की समस्याओं के निष्पादन पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारी व कर्मचारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने के साथ साथ जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि पुराने डोभा व तालाब योजनाओं को बरसात से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराया जाए, ताकि जल संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सके।मनरेगा अंतर्गत अपूर्ण 71 डोभा व तालाब योजनाओं को पूरा करने के लिए संबंधित बीपीओ ट्विंकल चौधरी को एक माह का समय दिया गया। इसके साथ ही वॉटर बॉडी के रेनोवेशन, सफाई, मिट्टी कटाई एवं तालाब गहरीकरण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया। विद्यालयों, पंचायत भवनों तथा अन्य सरकारी परिसरों में मनरेगा के माध्यम से लिनियर प्लांटेशन कराने का भी निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने पीएम जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाकर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही जर्जर व क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्रों का सर्वे कराने को कहा, ताकि उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना अंतर्गत पंपसेट की मांग करने वाले किसानों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित विशेष शिविर 20 अप्रैल से 20 मई तक आयोजित किया जा रहा है।

भू-अर्जन परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

अंचल कार्यालय की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भू-अर्जन से संबंधित तीन परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। लिट्टीपाड़ा से पाकुड़ परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं आरसीडी विभाग की दो योजनाओं के लिए वंशावली तैयार कर भेज दी गई है। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डिजिटल कंप्यूटर ऑपरेटर अथवा किसी भी कर्मी की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारी की होगी। किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मशरूम खेती को बढ़ावा देने पर जोर

जेएसएलपीएस की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मशरूम खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सप्ताह के भीतर मॉडल एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही मशरूम उत्पादन इकाई के लिए खाली भवनों की पहचान कर आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद डीसी ने सीएचसी हिरणपुर में जाकर सभी वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सा प्रभारी डा. सुनील कुमार सिंह को दिशा निर्देश दिया। इसके बाद डीसी ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय का जायजा लिया। जहां कक्षाओं में जाकर बच्चो से भी मिले। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान व कम्युनिटी सेंटर को लेकर बीडीओ को निर्देश दिया। इसके बाद बरमसिया में बलदेव साहा सहित अन्य लाभुकों की बागवानी कार्य का भी जायजा लिया। तेतुलिया डेम की गहरीकरण की आवश्यकता को लेकर सीओ मनोज कुमार को निर्देश दिया। वही डेम निकट की गई पौधरोपण कार्य मे मृत पौधों को लेकर निर्देश दिया कि पौधा उपलब्ध कराने वाले सम्बन्धित वेंडर के ऊपर स्पष्टीकरण कर नए पौधे लगाया जाय। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी टुडू दिलीप, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ट्विंकल चौधरी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, सीआई, बीपीएम, एई, जेई समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

img 20260507 wa00153249617623190722847

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!