अमर भगत
पाकुड़ (अमड़ापाड़ा)। अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर रजा यूनिटी फाउंडेशन ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा में सेवा कार्यक्रम आयोजित कर मरीजों के बीच फल, ड्राइफ्रूट और आवश्यक सामग्री वितरित की। खास तौर पर भर्ती माताओं के बीच इस पहल ने संवेदनशीलता और अपनापन का संदेश दिया।
फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष मो० महफूज आलम ने कहा कि मां निस्वार्थ प्रेम और त्याग की प्रतिमूर्ति होती है। ऐसे अवसर पर अस्पताल में इलाजरत माताओं के बीच समय बिताना और उन्हें अल्पाहार देना एक सुकून देने वाला अनुभव है। इस दौरान सदस्यों ने मरीजों का हाल-चाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। फल और ड्राइफ्रूट पाकर मरीजों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली, वहीं उपस्थित अन्य लोगों ने भी फाउंडेशन के इस मानवीय प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में अस्पताल के प्रभारी डॉ. खालिद अहमद, डॉ. शुभम कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी फाउंडेशन के कार्य की प्रशंसा की। मौके पर मो० इम्तियाज अंसारी, सरफराज आलम, जहांगीर आलम, मो० आर्यन और जहांगीर अंसारी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।






