Search

May 10, 2026 9:30 pm

पारिवारिक कलह के बीच युवक ने दी जान, 12 साल की बेटी हुई बेसहारा।

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के नामुपाड़ा मोहल्ले में शनिवार (09 मई) की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। मृतक की पहचान मो० मुख्तार शेख उर्फ बिक्की (लगभग 34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो माणिक शेख के पुत्र बताए जाते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे उन्होंने अपने घर में यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर नगर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार (10 मई) की सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, पारिवारिक कलह इस घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतक विवाहित था और उसकी एक लगभग 12 वर्षीय बेटी है। इस घटना के बाद पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की असामयिक मृत्यु से मासूम बच्ची के सिर से साया उठ गया, जिससे पूरे मोहल्ले में गमगीन माहौल है।
घटनास्थल पर नगर थाना पुलिस के साथ वार्ड पार्षद संख्या 15 चंचल सिंह एवं उनके पति बबलू सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। घटना के बाद नामुपाड़ा मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!