Search

May 11, 2026 12:04 am

राशन घोटाले की शिकायत पर कार्रवाई, ग्रामसभा में चुनीलाल मड़िया बने स्थायी डीलर

पाकुड़िया प्रखंड के खजूरडंगाल पंचायत अंतर्गत खजूरडंगाल, पातपहाड़ी और सागबेड़िया गांवों में अनाज वितरण में गड़बड़ी की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में ग्रामसभा आयोजित कर नए डीलर का चयन कराया। जानकारी के अनुसार, पातपहाड़ी के दर्जनों राशन कार्डधारियों ने पूर्व डीलर बुद्धिनाथ टुडू पर बीते वर्ष तीन माह का राशन वितरण नहीं करने और अनाज गबन करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में सुमिया हेंब्रम, प्रेमशिला सोरेन, सजनी मुर्मू, फूल मुनि मुर्मू, मालती किस्कू सहित कुल 118 लाभुकों ने उपायुक्त, पाकुड़ और प्रखंड विकास पदाधिकारी, पाकुड़िया को लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत के आधार पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बुद्धिनाथ टुडू को डीलर पद से हटाकर चुनीलाल मड़िया को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी थी। तब से चुनीलाल मड़िया ही राशन वितरण का कार्य देख रहे थे। हाल ही में आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों ने एकमत से बताया कि चुनीलाल मड़िया द्वारा अनाज का वितरण पारदर्शी और सही तरीके से किया जा रहा है। ग्रामीणों की सहमति और संतोषजनक कार्यशैली को देखते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने चुनीलाल मड़िया को स्थायी डीलर नियुक्त करने की घोषणा की।
इस फैसले के बाद क्षेत्र के लाभुकों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब उन्हें समय पर और पूरा राशन मिल सकेगा।

img 20260510 wa00579221469364279881363
img 20260510 wa00568262006453446040055

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!