Search

May 11, 2026 9:23 pm

ताल पत्तों के अस्थायी ढांचे में वर्षों से विराजे शिव, अब जिप सदस्य की पहल से बनेगा पक्का मंदिर।

पाकुड़। कोलाजोड़ा पंचायत के कोलारजोड़ा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पक्का निर्माण को लेकर जिला परिषद की पहल पर आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्माण के पक्ष में समर्थन जताया। बैठक में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल की सक्रिय भूमिका से इस बहुप्रतीक्षित कार्य को नई गति मिली। पिंकी मंडल ने कहा कि यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला परिषद स्तर से मंदिर के पक्का निर्माण के लिए जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसे प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि फिलहाल मंदिर खुले स्थान पर ताल के पत्तों से बने अस्थायी ढांचे में है, जिससे श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हर वर्ष मई महीने में यहां पारंपरिक चरक पूजा और भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में स्थायी मंदिर निर्माण की मांग लंबे समय से उठ रही थी। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने जिला परिषद की इस पहल का स्वागत करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और पिंकी मंडल के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर अमीन हेंब्रम, सुशील टुडू, ताला हेंब्रम, सनातन मरैया, मारामरी मुर्मू, सुनीता मुर्मू, मरमबेटी, बहामनी टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!