आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण पर विस्तृत चर्चा, व्यवस्था सुधार पर जोर
पाकुड़/ मंगलवार को स्टेट आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन टीम द्वारा उपायुक्त मेघा भारद्वाज से समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस दौरान जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में स्टेट एबीडीएम टीम द्वारा जिले में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, स्वास्थ्य संबंधी डेटा डिजिटाइजेशन, डिजिटल रिकॉर्ड लिंकेज, हेल्थ आईडी इंटीग्रेशन तथा स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित ABDM गतिविधियों की वर्तमान स्थिति से उपायुक्त को अवगत कराया गया। साथ ही पाकुड़ जिले में मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक अधिक प्रभावी एवं सुगम रूप से पहुंचाने पर विशेष बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं टीम को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, त्वरित सेवा एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे मरीजों को भविष्य में अधिक सुलभ एवं तकनीक आधारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बैठक के दौरान डिजिटल हेल्थ सिस्टम को और अधिक मजबूत बनाने, रिकॉर्ड प्रबंधन में दक्षता लाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों में तकनीकी समन्वय बढ़ाने को लेकर भी विचार- विमर्श किया गया।





