पाकुड़ में बढ़ा खौफ, अब तक कई बच्चे हो चुके घायल
पाकुड़ के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में सियारों का आतंक लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार सुबह रहसपुर गांव में एक सियार घर के अंदर घुस आया और कमरे में सो रहे छह वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़े, तब जाकर उसकी जान बच सकी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।घायल बच्चे की पहचान अजफारुख शेख के पुत्र अयातुल्लाह शेख के रूप में हुई है। बताया गया कि बच्चा घर के कमरे में सो रहा था।इसी दौरान अचानक एक सियार अंदर घुस आया और उस पर हमला कर दिया। बच्चे के जोर-जोर से रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, जिसके बाद सियार भाग निकला। आनन-फानन में बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कई गांव इन दिनों सियारों के आतंक से जूझ रहे हैं। कुछ दिन पहले लक्खीनारायणपुर गांव में सियार के हमले में तीन माह की मासूम बच्ची की मौत हो चुकी है। वहीं अब तक पांच से छह बच्चे घायल हो चुके हैं। लगातार हो रहे हमलों से गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव के आसपास मौजूद झाड़ियां, सुनसान इलाके और कब्रिस्तान सियारों का ठिकाना बन चुके हैं। रात होते ही सियार गांवों में घुस आते हैं और मुर्गे, बकरी समेत छोटे मवेशियों को निशाना बना रहे हैं। मौका मिलने पर छोटे बच्चों पर भी हमला कर रहे हैं।घटना के बाद बच्चे के पिता अजफारुख शेख ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक प्रभावित गांवों में विशेष अभियान चलाकर सियारों को नहीं पकड़ा जाता, तब तक लोगों का भय खत्म नहीं होगा। गांव के लोगों ने वन विभाग से लगातार गश्त, पिंजरा लगाने और इलाके को सुरक्षित बनाने की मांग की है।








