पाकुड़ सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी में स्थित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), पाकुड़ की ओर से पाकुड़, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमरापाड़ा, महेशपुर और पाकुड़िया प्रखंडों की पलाश जेएसएलपीएस सखी मंडल की दीदियों के लिए 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसमें फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी एवं सब्जी खेती व पौधशाला प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार, आरसेटी निदेशक राजेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस) प्रवीण मिश्रा तथा जिला प्रबंधक राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर पवन कुमार ने दीदियों को स्वरोजगार अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से जीवन स्तर में सुधार संभव है। वहीं राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरसेटी पाकुड़ द्वारा सखी मंडल की महिलाओं को विभिन्न प्रकार के निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिए जाते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हुनरमंद होना अत्यंत आवश्यक है।
प्रवीण मिश्रा ने प्रशिक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। आरसेटी के वरिष्ठ संकाय सह कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार बर्धन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विपणन, बाजार सर्वेक्षण, उद्यमी योग्यता, बैंकिंग और बीमा जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी। इस अवसर पर जेएसएलपीएस के विभिन्न जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, आरसेटी पाकुड़ के संकाय वापी दास, प्रशिक्षक अकरम अंसारी, रंजू देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।







