इकबाल हुसैन
महेशपुर। प्रखंड सभागार में गुरुवार को समेकित जनजाति विकास अभिकरण के तहत पारंपरिक वाद्य यंत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक स्टीफन मरांडी शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के 27 लाभुकों के बीच ढोल, नगाड़ा, मांदर और घुंघरू जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वितरण किया। वाद्य यंत्र प्राप्त कर लाभुकों में उत्साह देखने को मिला। सभी ने आदिवासी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककला से है। उन्होंने कहा कि यह हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसका संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किए बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि महेशपुर विधानसभा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और जनहित के कार्यों के लिए वे हमेशा समर्पित रहेंगे।
कार्यक्रम में झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही। इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला सचिव माईकिल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, जिप सदस्य सामसुन मुर्मू, प्रखंड प्रमुख शुभलक्ष्मी मुर्मू, प्रखंड उपप्रमुख नसीमा खातून, बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, बीपीओ रिजवान फारूकी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रखंड कर्मी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।








