पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सितेशनगर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत में दो व्यक्तियों के शव संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। मृतकों की पहचान नूरुद्दीन शेख (उम्र करीब 55 वर्ष) और मोती शेख (उम्र करीब 45 वर्ष), दोनों ग्राम सितेशनगर निवासी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों व्यक्ति शराब के आदी थे और प्रतिदिन साथ में शराब पीने के लिए खेत की ओर जाया करते थे। आज भी दोनों लगभग 11 बजे दिन में एक साथ घर से निकले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब सेवन या नकली शराब के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।







