अक्षय कुमार
रामगढ़। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय एच-ब्लॉक में स्थित सेमिनार कक्ष में “फायर सेफ्टी” विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान के मुख्य वक्ता नंद कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार द्वारा स्वागत भाषण के साथ किया गया।


उन्होंने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान औद्योगिक एवं तकनीकी परिवेश में फायर सेफ्टी का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। अपने व्याख्यान में श्री नंद कुमार ने अग्नि दुर्घटनाओं के कारण, बचाव के उपाय, औद्योगिक सुरक्षा मानकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने संयुक्त रूप से चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही संकाय सदस्यों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सत्य प्रकाश पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता, उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





