अमड़ापाड़ा/पाकुड़: थाना क्षेत्र के डूमरचीर पंचायत स्थित निपानिया गांव के डूंगरीजोला में पुश्तैनी जमीन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो सगे भतीजों ने मिलकर अपने ही चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए उनके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय बड़ा दुखिया पहाड़िया के रूप में हुई है। उनके पुत्र बड़ा कालू पहाड़िया पर भी आरोपियों ने हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले अमड़ापाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों दुखिया पहाड़िया और कालू पहाड़िया ने कुल्हाड़ी से हमला कर बड़ा दुखिया पहाड़िया की मौके पर ही हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही रविवार को पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया। मामले में अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 36/2026 दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी एसआई पप्पू कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी कालू पहाड़िया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी दुखिया पहाड़िया घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में एसआई कविन्द्र मिश्रा, एएसआई निर्मल राय समेत अमड़ापाड़ा थाना पुलिस की टीम सक्रिय रही।








