प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा( पाकुड़)प्रखंड के बलरामपुर गांव में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना को लेकर बैशाख महीने में आयोजित किए जा रहे दैनिक टहल कीर्तन का रविवार को श्रद्धा व उल्लास के साथ समापन हो गया। पूरे महीने ग्रामीणों द्वारा अटूट आस्था के साथ प्रतिदिन गांव में नगर संकीर्तन (टहल कीर्तन) का आयोजन किया जा रहा था, जिसका आज अंतिम दिन था। ग्रामीणों ने पारंपरिक रूप से ‘धुलेटे’ की रस्म निभाई। इस दौरान ग्रामीणों ने भक्ति के रंग में सराबोर होकर एक-दूसरे को पवित्र धूल और अबीर-गुलाल लगाकर खुशियां बांटीं।वही ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे बैशाख माह में सुबह-शाम भगवान के नाम का संकीर्तन कर पूरे गांव की परिक्रमा की गई। इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य गांव को हर प्रकार की विपदा से बचाना और सुख-शांति बनाए रखना है। इस धार्मिक आयोजन से पूरे बलरामपुर गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा। समापन के मौके पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।






