पाकुड़। एंडेवर एकेडमी, पाकुड़ में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की निःशुल्क साप्ताहिक टेस्ट सीरीज के तहत मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी तैयारी का आकलन किया। टेस्ट सीरीज का आयोजन संस्थान के निदेशक विकास तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। बीजीआर माइनिंग इन्फ्रा एवं जिला प्रशासन, पाकुड़ के सहयोग से संचालित एंडेवर एकेडमी का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और अनुकूल शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। संस्थान पिछले तीन वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रहा है और प्रत्येक वर्ष दर्जनों विद्यार्थी सफलता हासिल कर रहे हैं। निदेशक विकास तिवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अभ्यास और परीक्षा के अनुरूप तैयारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्थान की ओर से प्रत्येक रविवार को निःशुल्क टेस्ट सीरीज आयोजित की जाती है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा के वास्तविक माहौल का अनुभव और अपनी तैयारी का सही मूल्यांकन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि नियमित कक्षाओं के साथ कमजोर विद्यार्थियों के लिए स्पोकन इंग्लिश की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि उनका आत्मविश्वास और संचार कौशल बेहतर हो सके।
उन्होंने कहा कि JTET, शिक्षक भर्ती, रेलवे, SSC, बैंकिंग समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी संस्थान पहुंचकर निःशुल्क टेस्ट सीरीज का लाभ उठा सकते हैं। मॉक टेस्ट के सफल आयोजन में प्रिंस प्रकाश, प्रेम कुमार सिंह और नीरज कुमार राउत की सक्रिय भूमिका रही।






