Search

September 16, 2026 8:40 pm

अनियंत्रित होकर पलटा टोटो, गोद में चार माह का मासूम बाल-बाल बचा

पाकुड़। शहर के समाहरणालय के समीप खेल मैदान के पास बुधवार को सवारियों से भरा एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान टोटो में एक महिला अपने चार माह के मासूम बच्चे समेत अन्य यात्री सवार थे। दुर्घटना में महिला को हल्की चोट लगी, जबकि गोद में मौजूद मासूम पूरी तरह सुरक्षित रहा। किसी अन्य यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो सवारियों को लेकर पंचायत भवन की ओर जा रहा था। इसी दौरान समाहरणालय के समीप मैदान के पास अचानक चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और टोटो सड़क पर पलट गया। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पलटे टोटो को सीधा किया और उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। लोगों ने घायल महिला को संभाला और यात्रियों को पानी पिलाकर राहत पहुंचाई। हादसे में मां को चोट आई, लेकिन उसकी गोद में मौजूद चार माह के बच्चे को खरोंच तक नहीं आई। घटना के बाद टोटो चालक कथित तौर पर वाहन लेकर मौके से चला गया। चालक के इस तरह घटनास्थल से चले जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!