Search

September 16, 2026 8:39 pm

266 अभिभावकों की सूची, मतदान 278 का: रामचन्द्रपुर स्कूल में SMC चुनाव पर बवाल

12 वोट अधिक पड़ने का आरोप, शिक्षकों के रिश्तेदारों को मतदान कराने का भी दावा; विधायक व डीसी से शिकायत, पुनर्मतदान की मांग

पाकुड़। उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय रामचन्द्रपुर में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष पद के लिए 12 सितंबर को हुए चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिकायतकर्ता ने चुनाव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चुनाव रद्द कर दोबारा मतदान कराने की मांग की है। मामला अब विधायक और उपायुक्त तक पहुंच गया है।
शिकायत के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए हुए गुप्त मतदान में सामसुद्दीन शेख को 150 और मोसाराफ हुसैन को 128 मत मिले। दोनों प्रत्याशियों को मिले मतों का कुल आंकड़ा 278 है। वहीं, शिकायतकर्ता का दावा है कि 11 सितंबर को प्रभारी प्रधान शिक्षक की ओर से उपलब्ध कराई गई अभिभावकों की सूची में केवल 266 नाम थे। ऐसे में सूची से 12 अधिक वोट पड़ने का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाया गया है। शिक्षकों के रिश्तेदारों को वोट देने का आरोप: शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ सहायक शिक्षकों के ऐसे रिश्तेदारों को भी मतदान की अनुमति दी गई, जिनके नाम अभिभावक सूची में शामिल नहीं थे। इसमें सहायक शिक्षक मो. असराफुल हक के पुत्र मिलटन व मासुद तथा सहायक शिक्षक मो. ताहिर आलम के भाई बादरुल हक व साइद्दुर रहमान के मतदान करने का दावा किया गया है। 35 पर्चियों पर पहले से हस्ताक्षर-मुहर का भी आरोप: शिकायतकर्ता ने मतदान से पहले करीब 30 से 35 पर्चियों पर हस्ताक्षर और मुहर कराकर एक पक्ष को दिए जाने तथा बाद में उन्हीं पर्चियों को मतपेटी में डाले जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित शिक्षकों या विद्यालय प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद साफ होगी स्थिति: शिकायतकर्ता ने पाकुड़ विधानसभा की विधायक और उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अनियमितताओं की जांच के बाद चुनाव रद्द करने और SMC का पुनर्मतदान कराने की मांग की है। अब शिक्षा विभाग की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि अभिभावक सूची और मतदान के आंकड़े में अंतर तथा लगाए गए अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!