Search

September 16, 2026 8:45 pm

बंगाल की ओर से खनन करते हुए झारखंड में खोद डाली 9.71 एकड़ जमीन, एसीबी ने खदान तक पहुंचकर की जांच।

रैयती जमीन पर अवैध उत्खनन का मामला; ग्रामीणों से पूछताछ, मौके की फोटोग्राफी।

पाकुड़। झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर सरकारी और रैयती जमीन पर कथित अवैध पत्थर खनन का मामला एक बार फिर जांच के घेरे में है। करीब 9.71 एकड़ जमीन पर अवैध उत्खनन की शिकायत को लेकर बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), दुमका की टीम पाकुड़ पहुंची। डीएसपी स्तर के अधिकारी और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पहले एसडीएम कार्यालय से आवश्यक जानकारी जुटाने का प्रयास किया। एसआईआर-2026 में व्यस्तता के कारण एसडीएम से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद टीम खनन विभाग पहुंची और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। दस्तावेजों की जांच के बाद एसीबी टीम मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के कान्हूपुर स्थित खदान तक पहुंची। टीम ने खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई तथा खदान क्षेत्र की तस्वीरें भी ली गईं। जांच को लेकर एसीबी अधिकारियों ने कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की।

img 20260916 wa00456857862601911248112

तीन मौजा में 9.71 एकड़ जमीन पर खनन का मामला

पूर्व में कराई गई प्रशासनिक जांच में पाकुड़ अंचल के सिंगडडा, कसियाडांगा और कान्हूपुर मौजा में कुल 9.71 एकड़ भूमि पर पत्थर उत्खनन किए जाने की बात सामने आई थी। जांच में सिंगडडा में 6 बीघा 13 कट्ठा 5 धूर, कसियाडांगा में 5 बीघा 17 कट्ठा 6 धूर और कान्हूपुर में 16 बीघा 17 कट्ठा 7 धूर जमीन प्रभावित पाई गई थी। इसमें सरकारी और रैयती दोनों तरह की जमीन शामिल होने की बात सामने आई थी।

img 20260916 wa00431230518472762666050

सीमा पार से झारखंड की जमीन तक पहुंचा खनन

जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारोई थाना क्षेत्र के राजग्राम की ओर से खनन करते हुए झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्र की जमीन तक उत्खनन किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से संयुक्त जांच टीम गठित कर क्षेत्र का निरीक्षण और जमीन की मापी कराई गई थी। जांच में मामला सामने आने के बाद पाकुड़ अंचल अधिकारी की ओर से ट्रेस मैप सहित जांच प्रतिवेदन तैयार किया गया था। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए जिला खनन विभाग को पत्र भेजे जाने की बात सामने आई थी। अब एसीबी की टीम के खदान स्थल तक पहुंचने और मौके की जांच किए जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एसीबी की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर निगाहें टिकी हैं।

img 20260916 wa00443427196900633420098

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!