ठाकुरबाड़ी छठ पूजा समिति की बैठक में तैयारियों पर मंथन, घाट की सफाई और सीढ़ियों के रंग-रोगन पर भी जोर।
राजकुमार भगत
पाकुड़। हरिणडांगा बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में ठाकुरबाड़ी छठ पूजा समिति की बैठक वरिष्ठ सदस्य धर्मेंद्र शाह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए घाट की साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और आकर्षक सजावट पर चर्चा की गई। बैठक में छठ पोखर के समीप बाईपास सड़क के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के नीचे लटकने पर गंभीर चिंता जताई गई। समिति ने इसे हादसे का खतरा बताते हुए जिला प्रशासन से तार को ऊंचा कराने और सुरक्षा कवरिंग लगाने की मांग करने का निर्णय लिया। सदस्यों का कहना था कि इससे सड़क पर आकर्षक लाइट गेट लगाने में भी परेशानी हो सकती है।
कोषाध्यक्ष विजय जायसवाल ने पिछले वर्ष की आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। समिति ने बताया कि नगर परिषद की ओर से घाट की सफाई कराई जा रही है। साथ ही घाट की सीढ़ियों का रंग-रोगन कराने का आग्रह किया गया, ताकि छठव्रतियों को सुविधा मिल सके। समिति के गठन को लेकर चार नवंबर को पुनः बैठक करने का निर्णय लिया गया। मौके पर अध्यक्ष गौरव शाह, रमाशंकर जायसवाल, पवन भगत, रतन भगत सहित कई सदस्य मौजूद थे।






